बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर एक युवती ने अपने प्रेमी को बातचीत के बहाने क्लिनिक पर बुलाया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट से बुरी तरह पीट दिया। हमले में युवक के दोनों हाथ-पैर और पसलियों में गंभीर चोटें आने की बात कही गई है। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धंघोरा-धंघोरी गांव का है। जाकिर हुसैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 26 वर्षीय बेटा पप्पू एंबुलेंस चलाने का काम करता है। आरोप है कि गांव में क्लिनिक चलाने वाली युवती नुसरत से उसका संपर्क था। युवती कथित तौर पर पप्पू पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
क्लिनिक पर बुलाया, फिर हुआ हमला
आरोप के मुताबिक, युवती ने पप्पू को बातचीत करने के बहाने अपने क्लिनिक पर बुलाया। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई। पप्पू पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि युवती उससे पहली पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने की बात कह रही थी, लेकिन पप्पू ने पत्नी को तलाक देने और दूसरी शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के अनुसार, इसी बात के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद पांच-छह लोगों ने पप्पू को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से उसे पीटा। उसके सिर पर ईंट से भी वार करने का आरोप है।
मारपीट में पप्पू के दोनों हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि पसलियों में भी फ्रैक्चर होने की बात परिजनों ने कही है। आरोप है कि हमलावर युवक को गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। बाद में परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
घायल बोला—फोन करके क्लिनिक पर बुलाया था
घायल पप्पू के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नुसरत ने फोन करके उसे क्लिनिक पर बुलाया था। उसका आरोप है कि वहां पहुंचते ही पांच-छह लोगों ने उसे घेर लिया और हमला शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो हमलावर वहां से भाग निकले।
पप्पू की पत्नी नाजरीन बी ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी शादी को करीब नौ साल हो चुके हैं और उनके दो बच्चे हैं। नाजरीन का आरोप है कि इसके बावजूद युवती उनके पति पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। वह कथित तौर पर पप्पू से पत्नी को तलाक देकर उसके साथ दिल्ली चलने और वहां शादी करने की बात कहती थी।
नाजरीन ने आरोप लगाया कि जब उनके पति ने इस प्रस्ताव से इनकार किया तो उन्हें बहाने से क्लिनिक बुलाकर हमला कराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवती और उसके परिजन पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके थे।
तीन नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा
क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, जाकिर हुसैन की शिकायत के आधार पर दो अक्टूबर को भोजीपुरा थाने में तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल घटना में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है। जांच और आरोपित पक्ष का बयान सामने आने के बाद घटना की पूरी परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी।






