धरियावद प्रतापगढ़
हेमंत सालवी धरियावद
Script _
धरियावद विधानसभा क्षेत्र धरियावद के विधायक थावरचन्द मीणा ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को पत्र भेजकर धरियावद नगर स्थित पुराने राजकीय उप जिला चिकित्सालय भवन को ‘सिटी डिस्पेंसरी’ के रूप में पुनः संचालित किए जाने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि धरियावद उप जिला चिकित्सालय वर्तमान में नवीन भवन में स्थानांतरित हो चुका है। ऐसे में नगर के मध्य स्थित पुराने चिकित्सालय भवन का उपयोग आमजन को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा नए उप-स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इसी क्रम में धरियावद नगर के पुराने चिकित्सालय भवन को सिटी डिस्पेंसरी के रूप में संचालित करने से नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भी ओपीडी, सामान्य चिकित्सा परामर्श, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां एवं जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक थावरचन्द मीणा ने पत्र के माध्यम से मांग की कि उक्त भवन को शीघ्र ‘सिटी डिस्पेंसरी’ के रूप में स्वीकृत कर संचालित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार दो चिकित्सक, नर्सिंग एवं अन्य आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने के साथ दवाइयों एवं जांच की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा शुरू होने से धरियावद नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामान्य उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाया जा सकेगा।





