लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
65.81 लाख रुपये का शुद्ध लाभ, बैंक का नेटवर्थ बढ़कर 20.52 करोड़ रुपये हुआ
समस्तीपुर । समस्तीपुर डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की वार्षिक आमसभा रविवार को यूएन पैलेस, मोहनपुर रोड में संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां, दरभंगा प्रमंडल मो. निसार अहमद ने सहकारिता ध्वज फहराकर किया। आमसभा की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने की, जबकि प्रगति प्रतिवेदन प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने कहा कि बैंक लगातार चौथे वर्ष लाभ में रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 65.81 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। पूर्व की हानियों के समायोजन के बाद भी बैंक के पास 642.69 लाख रुपये की संचित राशि शेष है। बैंक की आरक्षित निधि बढ़कर 851.78 लाख रुपये, जबकि नेटवर्थ बढ़कर 2052.86 लाख रुपये यानी करीब 20.52 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कहा कि बैंक की प्रगति पदाधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और विश्वास का परिणाम है। आने वाले समय में बैंक को और मजबूत, आत्मनिर्भर, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर जोर दिया जाएगा।
आमसभा के दौरान बैंक की वित्तीय स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में बैंक के उपाध्यक्ष सुनील कुमार, निदेशक राम कलेवर प्रसाद सिंह, राम कुमार यादव, प्रवीण कुमार रौशन, राम कुमार झा, श्याम सुंदर प्रसाद, रंजन पासवान, निदेशिका अनिता देवी, प्रभा कुमारी और अंजू देवी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता, बैंक के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, अधिकारी, पैक्स अध्यक्ष, समाजसेवी और अन्य गणमान्य लोग भी आमसभा में शामिल हुए।









