लोकेशन : समस्तीपुर
रिपोर्ट : नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर : बिहार राज्य अनुरक्षक संघ, समस्तीपुर की ओर से रविवार को वारिसनगर के मथुरापुर स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल, जूटमिल रोड में सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार कुशवाहा ने की, जबकि संचालन विष्णुदेव महतो ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश्वर प्रसाद सिंह मौजूद रहे।
सेमिनार में नल-जल योजना से जुड़े अनुरक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। संघ के सदस्यों ने नगर निगम और पीएचईडी विभाग से ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग की। साथ ही पंचायती राज विभाग से चयनित अनुरक्षकों को नगर निगम, समस्तीपुर में स्थानांतरित कर यथावत रखने की मांग उठाई गई।
अनुरक्षकों ने नल-जल योजना में चयनित कर्मियों को नियमित करने, बकाया मानदेय का भुगतान कराने और मानदेय का भुगतान सीधे संबंधित अनुरक्षक के व्यक्तिगत बैंक खाते में कराने की मांग की। इसके अलावा नल-जल योजना में कार्यरत अनुरक्षकों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी रखी गई।
संघ की ओर से नगर निकाय क्षेत्र में आने वाले नल-जल योजना के अनुरक्षकों और कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान कराने तथा उन्हें नियमित कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की गई। वहीं, नल-जल योजना के उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली कराने की बात भी कही गई।
सेमिनार में बिहार के सभी भूमिदाता अनुरक्षकों को बिना शर्त नियमित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कार्यक्रम में विष्णुदेव महतो, जितेंद्र कुमार कुशवाहा, मुकेश कुमार महतो, मनीष कुमार, सीताराम महतो, सुमन कुमार राय, श्याम सुंदर महतो, संगीता देवी, लता देवी, रंजना कुमारी, रामप्रसाद महतो, चंदन कुमार, मनोज कुमार दास, दीपक ठाकुर, चंद्रदीप कुमार, गणेश गिरी समेत संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।






