लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की अधिसूचना जारी होने के बाद चुनाव प्रक्रिया को सफल, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों की तैयारियों और अब तक की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
कार्मिक कोषांग को आवश्यक कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने, जबकि परिवहन कोषांग को पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता और उनके समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सामग्री कोषांग को निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और समय पर वितरण की व्यवस्था करने को कहा गया।
वहीं, प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा मीडिया कोषांग को निर्वाचन से जुड़ी अधिकृत सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन कोषांग को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए कार्यों का ससमय निष्पादन करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









