Home / News / निजी अस्पतालों पर प्रशासन का औचक निरीक्षण, शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों OT सील

निजी अस्पतालों पर प्रशासन का औचक निरीक्षण, शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों OT सील

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

कल्याणपुर : प्रखंड क्षेत्र में निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर मिली सूचना के आधार पर गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने पूसा रोड स्थित शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल और भारत चाइल्ड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के संचालन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज, चिकित्सक एवं पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में एक प्रसूता महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था, जबकि नवजात को उपचार के लिए भारत चाइल्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने इलाज के नाम पर करीब 50 से 60 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शांति इमरजेंसी हॉस्पिटल के दोनों ऑपरेशन थिएटर (OT) सील करा दिए। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं और संचालन से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की।

इसके बाद प्रशासनिक टीम ने भारत चाइल्ड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां NICU में पांच नवजात भर्ती पाए गए। जांच के दौरान बच्चों के उपचार के लिए विशेषज्ञ शिशु रोग चिकित्सक मौजूद नहीं पाए गए। प्रशासन के अनुसार, गंभीर स्थिति वाले बच्चों का उपचार एक आयुष चिकित्सक द्वारा किए जाने की बात भी सामने आई। इस संबंध में भी आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के अलावा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कल्याणपुर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

एसडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र के निजी अस्पतालों में वैध दस्तावेज, चिकित्सकीय व्यवस्था, उपलब्ध स्टाफ और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now