शराब पिलाकर चालकों को सुनसान जगह छोड़कर चोरी करते थे ई-रिक्शा
बरेली। थाना कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो ई-रिक्शा, एक बैटरी, चोरी में प्रयुक्त दो ऑटो, 12 बोर का तमंचा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ई-रिक्शा चालकों को ऑटो से बुक करते थे। रास्ते में उन्हें शराब या नशीला पदार्थ देकर नशे की हालत में सुनसान स्थान पर छोड़ देते और ई-रिक्शा चोरी कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पुत्र कय्यूम (40), दिनेश पुत्र जयपाल सिंह (22) और अंकित ठाकुर पुत्र सोहनपाल (30) के रूप में हुई है। तीनों बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जांच में सामने आया कि 11 सितंबर को सेटेलाइट पुल से एक ई-रिक्शा इसी तरीके से चोरी किया गया था। इसके अलावा 13 सितंबर को महेशपुरा फाटक से भी एक ई-रिक्शा चोरी करने और 3 सितंबर को बिनावर क्षेत्र में ई-रिक्शा की बैटरियां निकालने की बात पुलिस ने बताई है।
इस कार्रवाई में थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में एसओजी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा समेत थाना कैंट के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की बात कही है।






