Home / News / जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ आयोजित होंगे जनसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम

जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ आयोजित होंगे जनसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम

रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली

विकसित भारत जनसेवा अभियान*

जिला कलेक्टर ने बैठक लेकर कार्यक्रमों हेतु नियुक्त नोडल विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को सफल क्रियान्विति के दिए निर्देश

नगरी निकाय क्षेत्रों में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की पालना कराते हुए कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश

भीलवाड़ा, 16 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार समस्त जिलों में विकसित भारत जन सेवा अभियान कार्यक्रम 17 सितंबर से शुरू किया जा रहा है। जिले में विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन के समन्वय से जन-कल्याण, सेवा तथा जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियों और अभियानों का आयोजन निर्धारित समयावधि के अनुसार किया जाएगा।

इन आयोजनों के माध्यम से आमजन एवं लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बुधवार को अभियान के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर कार्यक्रमों के सफल क्रियान्विति हेतु नियुक्त नोडल विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत 17 सितम्बर 2026 को सांय 7 बजे नव-लाभान्वित परिवारों द्वारा अपने घरों तथा प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से रक्तदान शिविरों का आयोजन भी होगा।

17 सितम्बर से 7 अक्टूबर 2026 तक समस्त विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत तथा विकसित राजस्थान विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 18 से 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्र तथा 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक शहरी क्षत्रों में नमो सेवा – अनकही कहानियाँ के अंतर्गत ग्राम, शहरी वार्ड एवं निकायों में प्रेरणादायी गतिविधियों का प्रसारण किया जाएगा।

25 से 27 सितम्बर 2026 तक आंगन मिलन सेवा विषय पर आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा की कहानी गतिविधि पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की रील व वीडियो तैयार कर प्रसारित की जाएगी। 7 अक्टूबर 2026 को सेवा ज्योति कलश यात्रा गतिविधि पर विद्यार्थियों द्वारा विकसित भारत के संकल्प के साथ स्लोगन, पोस्टर एवं बैनर रैली निकाली जाएगी।

02 अक्टूबर 2026 को सेवा मेरा योगदान गतिविधि पर स्वच्छता तथा सामुदायिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 19 से 25 सितम्बर 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 8 से 16 अक्टूबर 2026 तक शहरी क्षेत्र में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर आयोजित कर आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।

24 सितम्बर एवं 11 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक स्थानों पर सेवा के रंग, राष्ट्र के संग गतिविधि के तहत रंगोली प्रदर्शन का आयोजन होगा। 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक युवाओं को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेन्ज आयोजित किया जाएगा तथा निर्धारित शेड्यूल अनुसार जनप्रतिनिधियों व आमजन के साथ सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समस्त आयोजनों और गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो तथा रील्स को विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।

जिला कलेक्टर ने नगरीय निकायों में आम चुनाव प्रक्रियाधीन होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नगरीय क्षेत्रों में आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन सुश्री हरीतिमा ,नगर विकास न्यास सचिव श्री गौरव रविंद्र सालुंखे, जिला परिषद सीईओ श्री चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव सहित संबंधित विभागों के समस्त नोडल व सह नोडल अधिकारी गण मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now