लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । अभियंता दिवस के अवसर पर मंगलवार को समस्तीपुर विकास मंच की ओर से शहर के जितवारपुर निजामत में अभियंताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंजीनियर पंकज कुमार, इंजीनियर राजेश कुमार, इंजीनियर विपिन कुमार समेत करीब आधा दर्जन अभियंताओं को पाग, चादर, बुके, कलम एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता समस्तीपुर विकास मंच के जिला संयोजक सह राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि अभियंता देश के विकास की रीढ़ हैं। सड़क, पुल, बिजली, जलापूर्ति, स्कूल भवन और अस्पताल जैसी बुनियादी संरचनाओं के निर्माण में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके तकनीकी ज्ञान, मेहनत और दूरदृष्टि के बिना विकास की कल्पना संभव नहीं है।
राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया ने अपने कार्यों से यह साबित किया कि ईमानदार, कुशल और दूरदर्शी अभियंता देश के विकास की दिशा बदल सकता है। अभियंताओं के योगदान को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है।
मौके पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामविनोद पासवान, अधिवक्ता मोहम्मद शाहिद हुसैन, राजद जिला सचिव मनोज कुमार राय, लियाफी के सचिव प्रमोद कुमार पप्पू, संवेदक अरविंद राय, समाजसेवी मोहम्मद निहाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।








