झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़, 08 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झालावाड़ से नगर परिषद् झालावाड़ क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए नियुक्त मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान कर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी दायित्वों, आवश्यक सावधानियों, ईवीएम संचालन एवं सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान नगर परिषद् क्षेत्र में 51 मतदान केन्द्रों के लिए 51 मतदान दलों को रवाना किया गया। प्रत्येक दल में 4 कार्मिक एवं 2 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
झालावाड़ व झालरापाटन के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मंगलवार को नगर परिषद् झालावाड़ एवं नगर पालिका झालरापाटन क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान दलों के लिए आवश्यक सुविधाओं, मतदाताओं के आवागमन, कानून एवं शांति व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों से मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त नगर पालिका झालरापाटन क्षेत्र के राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय स्थित मतगणना केन्द्र व स्ट्रान्ग रूम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।








