Home / News / अमन हीरो एजेंसी का उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया उद्घाटन

अमन हीरो एजेंसी का उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया उद्घाटन

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

कल्याणपुर में चौथा प्रतिष्ठान खुलने से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति : विजय कुमार चौधरी

समस्तीपुर/विभूतिपुर । प्रखंड क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित अमन हीरो एजेंसी का उद्घाटन रविवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने फीता खोलकर किया। उद्घाटन समारोह का संचालन जदयू के जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय ने किया। समारोह में क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एजेंसी के प्रोपराइटर अनिल सोनी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को चांदी का मुकुट, चादर, फूलमाला एवं पाग पहनाकर स्वागत किया। वहीं संचालक सह व्यवस्थापक अमन सोनी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार में विकास और सुशासन की मजबूत बुनियाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करीब दो दशक पहले रखी थी। आज उन्होंने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ईमानदारी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन की बदौलत बिहार लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है तथा प्रदेश में अमन-चैन और शांति का माहौल कायम है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में ऐसा परिवर्तन किया है, जिसके कारण आज भी लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता कायम है। करीब 20 वर्ष पहले बिहार के लोगों में उनकी जो स्वीकार्यता थी, आज उससे भी अधिक लोकप्रियता देखने को मिल रही है। विकास और सुशासन का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है तथा किसानों सहित आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

अमन हीरो एजेंसी के प्रोपराइटर अनिल सोनी को नए प्रतिष्ठान के लिए बधाई देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका चौथा प्रतिष्ठान है। उन्होंने कहा कि किसी व्यवसायी के लिए लगातार नए प्रतिष्ठान स्थापित करना लोगों के भरोसे और उसकी विश्वसनीयता का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस प्रकार पूर्व के प्रतिष्ठानों के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर एवं विश्वसनीय सेवा उपलब्ध कराई जाती रही है, उसी प्रकार अमन हीरो एजेंसी के माध्यम से भी ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवा मिलती रहेगी।

उन्होंने कहा कि कल्याणपुर में एक और प्रतिष्ठान का जुड़ना क्षेत्र के आर्थिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए सकारात्मक कदम है। आने वाले समय में कल्याणपुर, विभूतिपुर और समस्तीपुर के और अधिक विकास की कामना करते हुए उन्होंने एजेंसी के संचालकों एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में समस्तीपुर विधायक सह पूर्व सांसद अश्वमेध देवी, पूर्व विधायक रामबालक सिंह सहित जदयू एवं अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now