Home / News / ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का डीएम-एसपी ने किया मासिक निरीक्षण

ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का डीएम-एसपी ने किया मासिक निरीक्षण

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

सुरक्षा, सीसीटीवी, अग्निशमन और प्रवेश-निकास व्यवस्था का लिया जायजा; SOP के पालन का निर्देश

समस्तीपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने गुरुवार को ईवीएम-वीवीपैट गोदाम का निर्धारित मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन उपकरणों की सुरक्षा एवं सुरक्षित भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

डीएम-एसपी ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित SOP (Standard Operating Procedure) के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था मानकों के अनुरूप रहे और निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन किया जाए।

पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को भी निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। वहीं, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए सुरक्षित भंडारण जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में ईवीएम एवं वीवीपैट का सुरक्षित भंडारण तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार वर्णवाल, अग्निशमन पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं गोदाम की सुरक्षा में तैनात कर्मी मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now