Home / Events / कोरबा की रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेलवे जीएम को लिखा पत्र

कोरबा की रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेलवे जीएम को लिखा पत्र

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
बिलासपुर से दोपहर में कोरबा के लिए यात्री ट्रेन, कोरबा–रायगढ़ नियमित सेवा और ट्रेनों के कोरबा तक विस्तार की मांग
कोरबा//कोरबा लोकसभा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से लंबित रेल यात्री सुविधाओं की मांगों को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सांसद महंत ने अपने पत्र में कहा है कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और यहां से रेलवे को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त यात्री रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। विशेष रूप से दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने के लिए नियमित यात्री रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
भोपाल पैसेंजर को दोपहर में बिलासपुर से कोरबा चलाने का सुझाव
सांसद ने रेलवे के समक्ष व्यावहारिक विकल्प रखते हुए कहा है कि भोपाल पैसेंजर बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहती है। इसके परिचालन समय में आवश्यक समायोजन कर इसे दोपहर लगभग 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना पर विचार किया जाए।
इसी प्रकार बिलासपुर–नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह लगभग 9 बजे कोरबा से संचालित करने की संभावना का परीक्षण करने की मांग की गई है।
कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित यात्री ट्रेन की मांग
सांसद महंत ने कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित यात्री रेल सेवा प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्रस्तावित समय के अनुसार सुबह लगभग 8:30 बजे कोरबा से रायगढ़ तथा शाम लगभग 7 बजे रायगढ़ से कोरबा ट्रेन चलाने का सुझाव दिया गया है।
इससे कोरबा, बालपुर, सरगांव, सक्ती, खरसिया सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को महत्वपूर्ण आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
बिलासपुर में समाप्त होने वाली ट्रेनों को कोरबा तक बढ़ाने की मांग
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली जिन ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर में समाप्त हो जाता है, उनमें से उपयुक्त ट्रेनों का कोरबा तक विस्तार किए जाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाना चाहिए। साथ ही अन्य प्रमुख स्टेशनों की तर्ज पर कोरबा से भी विशेष एवं अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने की मांग की गई है।
“अब केवल आश्वासन नहीं, समयबद्ध कार्रवाई जरूरी”
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि कोरबा की रेल सुविधाओं का मुद्दा केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कोरबा के विकास, औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम नागरिकों के दैनिक आवागमन से सीधे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि कोरबा देश के लिए ऊर्जा और कोयले का महत्वपूर्ण योगदान देता है। यहां के संसाधनों का उपयोग राष्ट्रीय विकास में हो रहा है, ऐसे में कोरबा की जनता को भी उसके अनुरूप बेहतर रेल यात्री सुविधाएं मिलना उसका जायज अधिकार है।
सांसद ने रेलवे महाप्रबंधक से मांग की है कि उपरोक्त प्रस्तावों की तकनीकी एवं परिचालनिक व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण कर स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए तथा उसकी प्रगति से उनके कार्यालय एवं कोरबा की जनता को अवगत कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोरबा की रेल सुविधाओं से संबंधित मांगों को अब केवल आश्वासन तक सीमित न रखते हुए समयबद्ध एवं परिणाममूलक कार्रवाई की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now