अयोध्या के कथित ‘मछली भोज’ को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अजय राय मंगलवार को लखनऊ सिविल कोर्ट पहुंचे और आरोप लगाया कि उनके खिलाफ मछली खाने को लेकर गलत और आपत्तिजनक बयान दिए गए, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा।
अजय राय का कहना है कि वह लगाए गए आरोपों से आहत हैं और इसी वजह से उन्होंने न्यायालय का रुख किया है। इससे पहले भी वह इन आरोपों को खारिज करते हुए सार्वजनिक रूप से अपनी सफाई दे चुके हैं। अब मामला सियासी बयानबाजी से निकलकर कानूनी लड़ाई में बदल गया है।
फिलहाल इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या यूपी सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं।






