Home / Events / डीआरएम कार्यालय में चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

डीआरएम कार्यालय में चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

रेलवे का कॉपर पाइप व वायर चोरी कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, 6,045 रुपये की रेल संपत्ति बरामद

समस्तीपुर। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय से रेल उपकरणों की चोरी के मामले का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया। आरपीएफ की विशेष टीम ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों समेत चोरी की रेल संपत्ति खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 6,045 रुपये मूल्य की रेल संपत्ति बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को डीआरएम कार्यालय में अज्ञात चोरों ने रेल उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर 29 अगस्त की अहले सुबह मालगोदाम चौक स्थित रेलवे ऊपरीगामी पुल के नीचे आरआरआई कार्यालय के सामने झाड़ी में छापेमारी की।

कार्रवाई में हिमांशु कुमार उर्फ कुकू (26) और सुनील कुमार उर्फ शूटर (23) को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सुनील ने रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेनों के कोच से वायर तथा एसी के आउटडोर यूनिट में इस्तेमाल होने वाले कॉपर पाइप काटकर बेचने की बात बताई।

उसकी निशानदेही पर नगर थाना पुलिस के सहयोग से घोष लेन स्थित गोलू कुमार की बर्तन दुकान के गोदाम में छापेमारी की गई। वहां से डीआरएम कार्यालय में लगे स्प्लिट एसी के आउटडोर यूनिट में इस्तेमाल होने वाला करीब तीन किलो कॉपर पाइप और अन्य कॉपर वायर बरामद किया गया। इसके बाद दुकान संचालक गोलू कुमार (25) को चोरी की रेल संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

आरपीएफ ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध कांड संख्या 20/26, दिनांक 29 अगस्त 2026, धारा 3 आरपी(यूपी) एक्ट, 1966 (संशोधित 2012) के तहत मामला दर्ज किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरामद रेल संपत्ति को आरपीएफ के मालखाने में जमा कराया गया है।

मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई एस.एस. कुमार, आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now