Home / News / केएसआर कॉलेज बचाने व कोचिंग एक्ट लागू करने की मांग पर NSUI की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

केएसआर कॉलेज बचाने व कोचिंग एक्ट लागू करने की मांग पर NSUI की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष बैठे छात्र नेता, मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

केएसआर कॉलेज, सरायरंजन को प्रस्तावित पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के मार्ग से बचाने और समस्तीपुर जिले में कोचिंग एक्ट लागू करने की मांग को लेकर NSUI ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि दोनों मांगों पर ठोस पहल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद NSUI कार्यकर्ता एवं छात्र नेता गांधीवादी तरीके से अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और माल्यार्पण के बाद वहीं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।

भूख हड़ताल पर बैठने वालों में NSUI जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष ललन यादव, विवेक विराट और छात्र नेता गोलू यादव शामिल हैं।

NSUI की पहली प्रमुख मांग है कि प्रस्तावित पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव कर केएसआर कॉलेज, सरायरंजन को सुरक्षित रखा जाए। संगठन का कहना है कि कॉलेज क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है और इसके प्रभावित होने से छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

दूसरी मांग के रूप में संगठन ने समस्तीपुर जिले में कोचिंग एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग उठाई है। NSUI का कहना है कि कोचिंग संस्थानों के संचालन में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए निर्धारित नियमों का प्रभावी अनुपालन जरूरी है।

NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंसू ने कहा कि संगठन छात्रों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा कि NSUI विकास के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास परियोजनाओं की योजना बनाते समय शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों के भविष्य को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

NSUI जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि उनकी मांग विकास रोकने की नहीं, बल्कि विकास के साथ शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा करने की है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का रूट इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि केएसआर कॉलेज सुरक्षित रहे। साथ ही जिले में कोचिंग एक्ट लागू कर छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से चलाया जाएगा तथा मांगों पर ठोस पहल होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का समर्थन

भूख हड़ताल को जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सनातनी बालाजी, महासचिव एम.के. आनंद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार, पूसा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बलराम कुमार, कल्याणपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कुमार, जिला महासचिव इकबाल रहमान सिद्दीकी, सरायरंजन से संजीव इंकलाबी, मुकेश कुमार चौधरी, फैज अहमद सहित अन्य कांग्रेस नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया।

कार्यक्रम में NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंसू, जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष ललन यादव, विवेक विराट, गोलू यादव, युवा कांग्रेस ग्रामीण के अमन राय, जिला महासचिव अभिषेक कुमार राजा, जिला सचिव भरत कुमार, कल्याणपुर छात्र नेता आदित्य कुमार, सुमित कुमार, राजू कुमार, समस्तीपुर कॉलेज छात्र नेता नमनीत यादव, अर्जुन कुमार, आर्यन आनंद, संगम कुमार, शुभम कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NSUI ने प्रशासन से केएसआर कॉलेज को प्रस्तावित एक्सप्रेसवे के रूट से सुरक्षित रखने तथा जिले में कोचिंग एक्ट लागू करने की दिशा में तत्काल ठोस पहल करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि मांगों के समाधान तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now