अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
मुकुंदपुर – सिद्ध बाबा पहाड़ में नागपंचमी महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
करतला//कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत मुकुंदपुर गांव में नागपंचमी महोत्सव के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। कोरबा जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर तथा जांजगीर-चांपा से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित इस धार्मिक स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखते हुए करतला पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है और मेले में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। हालांकि बारिश के कारण मनोरंजन गतिविधियों में अपेक्षाकृत कमी देखने को मिली, लेकिन धार्मिक कार्यक्रमों में लोगों की भारी सहभागिता रही। महोत्सव में जनपद पंचायत करतला के अध्यक्ष अशोक बाई कंवर, जिला पंचायत सदस्य सावित्री अजय कुमार तथा क्षेत्र की जनपद सदस्य अनसूईया लखन राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान सिद्धबाबा धाम में मानस रामायण पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का मुख्य आकर्षण पहाड़ी पर स्थित सिद्धबाबा की प्राचीन गुफा रही। लगभग 500 मीटर ऊंची दुर्गम पहाड़ी पर स्थित इस गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार यह गुफा रहस्यमयी मानी जाती है। जनश्रुति है कि गुफा के भीतर कई तालाब मौजूद हैं, जहां बड़ी संख्या में कमल के फूल खिलते थे। मान्यता है कि वर्षों पहले नागपंचमी के दिन भोग लगाने पहुंचे ग्रामीणों में से एक व्यक्ति भूलवश वापस गुफा के अंदर गया और उसने वहां देवी-देवताओं के दर्शन कर लिए। तभी से ग्रामीणों को गुफा के भीतर प्रवेश न करने का निर्देश मिला और तब से भोग गुफा के बाहर ही लगाया जाता है। वर्तमान में गुफा के बाहर ही मूर्तियों की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाती है।
गांव के युवाओं द्वारा पार्किंग, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। युवा टीम लगातार सेवा कार्यों में जुटी हुई है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले में दिनभर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।








