सक्ती के वार्ड नंबर-1 में अवैध महुआ शराब निर्माण के ठिकाने का भंडाफोड़, 1675 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट
सक्ती। हरेली पर्व के मद्देनजर अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सक्ती शहर के वार्ड नंबर-1 में छोटी नहर किनारे संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण के ठिकाने पर दबिश देकर विभाग की टीम ने 145 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। वहीं, शराब बनाने के लिए तैयार किए गए 1675 किलो महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं जिला आबकारी अधिकारी रत्नेश मरकाम के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अगस्त को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने वार्ड नंबर-1 स्थित छोटी नहर किनारे दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गड्ढों में छिपाकर रखी गई 85 बोरियां, जिनमें प्रत्येक में करीब 15 किलो महुआ लाहन था, तथा 20 प्लास्टिक डिब्बे, जिनमें प्रत्येक में करीब 20 किलो महुआ लाहन रखा गया था, बरामद किए गए। कुल 1675 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। आबकारी टीम ने लाहन का नियमानुसार सैंपल लिया और शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इसके अलावा विभिन्न बोतलों और डिब्बों में भरी हुई 145 लीटर अवैध महुआ मदिरा भी बरामद की गई। मामले में आबकारी विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
आशीष उप्पल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल एवं आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, श्रवण एवं शुभम तथा आबकारी स्टाफ परस और बसंती चौधरी का सराहनीय योगदान रहा।
हरेली पर्व से पहले आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही है।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट










