रिपोर्ट: अखिलेश गौतम
सीतापुर। सनातन परंपरा और भक्ति के पावन केंद्र भुंइया ताली तीर्थ परिसर में काशी विश्वनाथ मानव सेवा समिति अमरनाथ यात्रा परिवार’ के समिति संरक्षक पूज्य महंत बजरंग मुनि महाराज जी के मार्गदर्शन में सिद्ध दिव्यतम त्रिशूल स्थापना महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास व श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुरुक्षेत्र स्थित गुरु गोरखनाथ धाम (इस्माईलाबाद) के गद्दीनशीन एवं योगी बाड़ा श्री तपोधाम शास्त्रीनगर (सीतापुर) के पूज्य महंत योगी तेजनाथ जी महाराज उपस्थित रहे।
वैदिक रीति से हुई त्रिशूल स्थापना
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे पूर्ण विधि-विधान, मंत्रोच्चार और जयकारों के मध्य सिद्ध दिव्यतम त्रिशूल की स्थापना के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि पूज्य महंत योगी तेजनाथ जी महाराज एवं अभिषेक गुप्ता ‘बबलू भैया’ का पांच प्रकार के स्वादिष्ट एवं पावन फलों से भव्य तुलादान किया गया।
मां बगलामुखी पूजन और वृक्षारोपण
तुलादान के उपरांत साधक-भक्तों द्वारा मां भगवती भवानी मातु बगलामुखी जी का विशेष पूजन-अर्चन कर जन-कल्याण और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की गई। प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब
इस अलौकिक अवसर पर पूज्य संतगणों के साथ-साथ हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु एवं परम शिवभक्त उपस्थित रहे। पूरा तीर्थ स्थल ‘हर-हर महादेव’ और ‘मां बगलामुखी’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने महादेव एवं महामाई के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और संतों का आशीर्वाद लिया।






