Home / News / मेढ़बंदी कार्य की मजदूरी न मिलने पर मजदूरों ने डीएम से लगाई गुहार

मेढ़बंदी कार्य की मजदूरी न मिलने पर मजदूरों ने डीएम से लगाई गुहार

बरेली। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत विकास खंड आलमपुर जाफराबाद की विभिन्न वाटरशेड परियोजनाओं में मेढ़बंदी का कार्य करने वाले मजदूरों ने मजदूरी का भुगतान न मिलने का आरोप लगाते हुए जिला अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। मजदूरों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2024-25 की परियोजनाओं में करीब तीन महीने तक लगातार मेहनत कर कार्य किया, लेकिन आज तक उन्हें उनकी मेहनताना राशि नहीं मिली।

शिकायत करने वालों में बाबूराम, मुकेश, अमरपाल, नहेश पाल, महीपाल, चंद्र प्रकाश, तीर्थ सिंह, संतराम सहित कई मजदूर शामिल हैं। उनका कहना है कि उन्होंने निर्धारित समय में मेढ़बंदी का कार्य पूरा किया था। कार्य समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर नाप-जोख और सत्यापन भी किया गया तथा जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया था।

मजदूरों का आरोप है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद अब भूमि संरक्षण अधिकारी, बरेली द्वारा मजदूरी का भुगतान करने से इनकार किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के बाद भी उन्हें केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

मजदूरों ने बताया कि अधिकांश परिवार मजदूरी पर ही निर्भर हैं और कई महीनों से मेहनताना न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

पीड़ित मजदूरों ने जिला अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मजदूरी भुगतान के निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान मिलना उनका अधिकार है और प्रशासन को इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उन्हें राहत दिलानी चाहिए।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now