मुरादाबाद कमिश्नर ने जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण पर रोक लगा दी है। हाल ही में रामपुर प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया था। जौहर यूनिवर्सिटी में 40 भवन में से 38 भवन बिना अनुमति के बनाए गए थे। खुद से ध्वस्त करने को लेकर 15 दिन का समय दिया गया था।
मुरादाबाद कमिश्नर कार्यालय में 28 जुलाई को सुनवाई होनी थी, लेकिन शोक अवकाश होने के चलते कल हड़ताल रहेगी। मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने अंतरिम राहत देते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। आदेश के बाद फिलहाल जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर होने वाली बुलडोजर कार्रवाई टल गई है।रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा ने सोमवार को कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जल्द ही रामपुर पहुंचकर जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे।
तजीन फातिमा ने रामपुर स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि सरकार जौहर विश्वविद्यालय को आसानी से अपने नियंत्रण में नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने का रामपुर विकास प्राधिकरण का आदेश मनमाना, अलोकतांत्रिक और छात्र हित के बिल्कुल खिलाफ है और रामपुर विकास प्राधिकरण की यह कार्रवाई इस विश्वविद्यालय को ‘बर्बाद’ करने के लिए की जा रही है।पूर्व राज्यसभा सदस्य तजीन फातिमा ने उम्मीद जताई कि जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश के खिलाफ मुरादाबाद मंडल आयुक्त अदालत में मंगलवार को होने वाली सुनवाई में इस विश्वविद्यालय के पक्ष में फैसला आएगा, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो इसे उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में भी चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम लोग आखिरी वक्त तक संघर्ष करेंगे।






