बखरी बेगूसराय । टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बखरी में टीबी मरीजों के बीच ‘निश्चय पोषण किट’ का वितरण किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में करीब दो दर्जन टीबी मरीजों को पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। राज्य सरकार की निश्चय योजना के तहत वितरित की जा रही इस किट का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान छह माह तक संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें। किट में दूध, सोयाबीन बड़ी, दाल, मूंगफली, चना और साबुन शामिल थे। स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि ‘निश्चय पोषण किट केवल खाद्य सामग्री नहीं, बल्कि टीबी मुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।’ उन्होंने बताया कि किट का वितरण स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से नियमित रूप से किया जा रहा है।डॉ. पुष्कर ने मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने के साथ पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी। वहीं डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि टीबी मरीजों को प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से एक हजार रुपये भी उनके बैंक खाते में भेजे जाते हैं, ताकि वे पोषणयुक्त भोजन की व्यवस्था कर सकें कार्यक्रम के दौरान यक्ष्मा पर्यवेक्षक रणधीर कुमार ने सभी मरीजों की उपस्थिति दर्ज की। इस अवसर पर प्रभात कुमार, शशि रंजन, लेखापाल रोहित कुमार, कमलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे। पीएचसी बखरी द्वारा टीबी उन्मूलन अभियान के तहत पूर्व में भी इस तरह के जागरूकता एवं पोषण सहायता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।







