अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
प्रदेश में हर्ष का माहौल, कृष्णा टंडन के नेतृत्व में संगठन को मिलेगी नई मजबूती,,
जांजगीर-चांपा//जिले के हथनेवरा निवासी पत्रकार कृष्णा टंडन को राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति के बाद पत्रकारों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। कृष्णा टंडन पिछले 8 से 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। वे विभिन्न पत्रकार संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव रखते हैं। राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत द्वारा जारी नियुक्ति प्रमाण-पत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव का दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने उनसे अपेक्षा व्यक्त की है कि वे प्रदेशभर में पत्रकारों को संगठित कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। अपनी नियुक्ति पर कृष्णा टंडन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन को मजबूत करना, पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करना रहेगा। कृष्णा टंडन की इस नियुक्ति को पत्रकारिता जगत के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। उनके अनुभव, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई दिशा एवं मजबूती मिलने की उम्मीद है।






