बरेली। बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली और नोएडा (जेवर) के लिए उड़ानें शुरू होने के बाद अब यात्रियों के लिए देश ही नहीं, विदेश तक की हवाई यात्रा भी आसान हो गई है। इंडिगो ने अपने नए कनेक्टिंग फ्लाइट शेड्यूल में दुबई, चीन के ग्वांगझू समेत कई बड़े शहरों के लिए उड़ानों का समय और किराया जारी किया है।
बरेली से दिल्ली और नोएडा के जरिए यात्रियों को कम समय में प्रमुख शहरों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। एयरलाइन की वेबसाइट पर कनेक्टिंग फ्लाइट्स का पूरा शेड्यूल उपलब्ध करा दिया गया है।
दुबई जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे सस्ता इकोनॉमी किराया ₹19,717 से शुरू होगा। वहीं अन्य विकल्पों में ₹21,167 और ₹24,857 का किराया भी उपलब्ध है। स्ट्रेच और बिजनेस श्रेणी का किराया ₹45,765 तक है। दुबई से बरेली वापसी के लिए इकोनॉमी किराया ₹24,732 और ₹28,170, जबकि स्ट्रेच एवं बिजनेस श्रेणी का किराया ₹56,680 रखा गया है।
चीन के ग्वांगझू के लिए बरेली से इकोनॉमी किराया ₹24,336 और ग्वांगझू से बरेली का किराया ₹37,300 तय किया गया है।
नोएडा (जेवर) के जरिए भी हैदराबाद और जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध रहेगी। बरेली से दोपहर 12:05 बजे उड़ान भरकर यात्री 4:40 बजे हैदराबाद और जयपुर पहुंच सकेंगे, जबकि वापसी में सुबह की उड़ानों से बरेली लौटने की सुविधा मिलेगी।
इंडिगो के नए शेड्यूल से बरेली के यात्रियों को अब एक ही कनेक्शन के साथ देश के कई बड़े शहरों और दुबई व ग्वांगझू जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।





