Home / Crime / बिजली चोरी पर प्रवर्तन दल का बड़ा अभियान, दो उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज….

बिजली चोरी पर प्रवर्तन दल का बड़ा अभियान, दो उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज….

मीटर से छेड़छाड़ कर 5 किलोवाट से अधिक भार पर अवैध विद्युत उपयोग पकड़ा गया, साक्ष्यों के आधार पर हुई कार्रवाई

जनपद में विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत प्रवर्तन दल द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों एवं पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने दो स्थानों पर मीटर से छेड़छाड़ कर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए दो उपभोक्ताओं को पकड़ा, जिनके विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली उरई में विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।
प्रवर्तन दल के प्रभारी उप निरीक्षक एम. आरिफ के नेतृत्व में अवर अभियंता प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक सुनीता वर्मा, मुख्य आरक्षी गोवर्धन, मुख्य आरक्षी रविकांत एवं आरक्षी अनुराग तिवारी की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
जांच के दौरान राजेन्द्र नगर, उरई निवासी सत्यम चौरसिया के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर स्थापित विद्युत मीटर की केबल में अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 5.702 किलोवाट भार का अवैध विद्युत उपभोग किया जाता पाया गया। वहीं सपा कार्यालय के पास, उरई निवासी बुजकिशोर निगम के आवास पर मीटर से पूर्व केबल काटकर अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 6.391 किलोवाट भार का अवैध विद्युत उपयोग करते हुए पकड़ा गया। प्रवर्तन दल ने दोनों मामलों में मौके पर आवश्यक साक्ष्य संकलित कर चेकिंग रिपोर्ट तैयार की तथा संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कराते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें तथा मीटर अथवा विद्युत लाइन से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से बचें। बिजली चोरी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now