उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी में कथित टूट को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। सुभासपा प्रमुख और मंत्री Om Prakash Rajbhar के दावों पर अब सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने जोरदार पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा कि जिन लोगों ने अफवाहें फैलाकर एडवांस वसूला था, अब वही लोग तथाकथित “अफवाही मंत्री” को ढूंढ़ रहे हैं।
दरअसल, ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। इस दावे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई। जवाब में अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि 30 सीटों की अफवाह फैलाकर जिन्होंने एडवांस लिया था, अब वे लोग उन्हें तलाश रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेकों के नाम पर वसूली करने वालों को लेकर ठेकेदारों में नाराज़गी है।
“जिनसे एडवांस वसूला गया, वो अब अफवाही मंत्री को ढूंढ़ रहे हैं। अफवाह फैलाने वालों की सच्चाई जनता जानती है।”
एक तरफ सपा में टूट के दावे किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए पलटवार कर रहे हैं। 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होता दिखाई दे रहा है।






