सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में 2026 के जिला पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सहारनपुर के कार्यकर्ता खादिम-ए-मजलिस मोहम्मद दानिश ने जनता को एक मजबूत राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव महज स्थानीय स्तर का नहीं, बल्कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल है।
मो. दानिश ने सहारनपुर की जनता, खासकर बुजुर्गों और युवाओं से अपील की, “2026 का जिला पंचायत चुनाव हमारे लिए सेमीफाइनल है। अगर हम आज यहां अपनी ताकत दिखा सके, तो 2027 में हमारी आवाज लखनऊ की विधानसभा तक गूंजेगी।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अब तक सबको आजमाया जा चुका है, अब अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के हाथ मजबूत करें।दानिश ने जोर देकर कहा, “हम सहारनपुर के हक, इंसाफ और विकास की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिला पंचायत की हर सीट पर AIMIM की मजबूती 2027 में बड़े बदलाव की नींव रखेगी। हम डरने वाले नहीं, हक छीनने वाले हैं।” उन्होंने जाति-पात और खोखले वादों से ऊपर उठकर AIMIM को समर्थन देने की गुजारिश की।उन्होंने आगे कहा, “यह समय घरों में बैठने का नहीं, बल्कि सहारनपुर की सियासत को अपने हाथों में लेने का है। 2026 में सेमीफाइनल जीतकर हम 2027 के फाइनल की तैयारी करेंगे। अपनी नुमाइंदगी खुद तैयार करनी होगी। आपकी दुआएं और साथ ही हमें इस कठिन रास्ते पर जीत दिलाएगा।”AIMIM नेता ने अंत में नारा दिया, “2026 में सेमीफाइनल जीतेंगे, 2027 में इतिहास रचेंगे!” यह बयान सहारनपुर में AIMIM की बढ़ती सक्रियता को दर्शाता है, जहां पार्टी अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। जिला पंचायत चुनाव 2026 में AIMIM की रणनीति स्पष्ट है—स्थानीय स्तर पर मजबूत आधार बनाकर राज्य स्तर पर प्रभाव डालना।






