सहारनपुर। AIMIM की सहारनपुर इकाई में तेजी से बढ़ रही सक्रियता के बीच बेहट विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता कलीम खान ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2026 का जिला पंचायत चुनाव सिर्फ स्थानीय स्तर का मुकाबला नहीं है, बल्कि यह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल है।कलीम खान ने सहारनपुर की जनता, विशेषकर बेहट क्षेत्र के लोगों से अपील की, “हमने बेहट में पहले भी AIMIM की ताकत दिखाई है। अब जिला पंचायत चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करके 2027 में विधानसभा तक अपनी पहुंच बनानी है। यह सेमीफाइनल जीतना बेहद जरूरी है, ताकि हमारी आवाज लखनऊ तक पहुंच सके।”उन्होंने आगे कहा, “लोगों ने बीजेपी, सपा, बसपा सबको मौका दिया। अब बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी साहब के नेतृत्व में AIMIM के साथ खड़े होकर हक और इंसाफ की लड़ाई लड़ें। बेहट और पूरे जिले में अल्पसंख्यक और वंचित समाज के मुद्दों पर हम लगातार आवाज उठा रहे हैं। जाति-पात और खोखले वादों से ऊपर उठकर पार्टी को मजबूत समर्थन दें।”कलीम खान ने जोर देकर कहा, “यह समय चुप रहने या घरों में बैठने का नहीं है। सहारनपुर की सियासत में असली बदलाव लाने का वक्त है। जिला पंचायत की हर सीट पर AIMIM की मजबूत मौजूदगी 2027 में बड़े इंकलाब की नींव रखेगी। हम हक के लिए लड़ते हैं, कभी डरते नहीं। आपका साथ, आपकी दुआएं और मेहनत हमें इस मुकाम तक पहुंचाएगी।”उन्होंने उत्साहवर्धक नारा लगाते हुए कहा, “2026 में सेमीफाइनल जीतकर 2027 में इतिहास रचेंगे! AIMIM सहारनपुर और बेहट की सच्ची आवाज बनेगी।”यह बयान AIMIM की रणनीति को स्पष्ट करता है, जहां पार्टी सहारनपुर जैसे क्षेत्रों में स्थानीय स्तर से मजबूत आधार बनाकर विधानसभा चुनाव में प्रभाव बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कलीम खान जैसे अनुभवी नेताओं की सक्रियता से पार्टी अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गों में अपनी पैठ मजबूत करने में जुटी है.
रिपोर्ट Naim.sagar






