बिहार में एग्जिट पोल आने के बाद सियासत गर्म है। एनडीए और महागठबंधन दोनों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अब सबकी नजरें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि सत्ता में कौन आएगा। एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त दिख रही है, लेकिन महागठबंधन इसे महज अटकल बता रहा है।
कांग्रेस सांसद तारीक अनवर ने कहा कि एग्जिट पोल कभी सटीक नहीं होते, जबकि कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया कि असली जीत महागठबंधन की होगी। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जनता ने एनडीए के खिलाफ मतदान किया है और 14 नवंबर को तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी। वहीं एनडीए नेताओं ने एग्जिट पोल को जनता के विश्वास का प्रमाण बताया है।
मंत्री अशोक चौधरी बोले कि इस बार चौंकाने वाले नतीजे आएंगे। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास के लिए वोट किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि बिहार का भविष्य एनडीए के हाथों में सुरक्षित है।
बिहार में दो चरणों में मतदान हुआ था , पहला 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को। इस बार वोटिंग प्रतिशत भी ज्यादा रहा, पहले चरण में 65.08 और दूसरे में 68.69 फीसदी मतदान हुआ। अब सबकी नज़र 14 नवंबर के नतीजों पर है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






