सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। म्योरपुर-दुद्धी मार्ग पर आश्रम मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मामा-भांजा रामकुमार (35) और हिमांशु (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद सुनील (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सुबह घायल युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक देर रात हिमांशु को मनबसा उसके घर छोड़ने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार, तीनों आपस में रिश्तेदार थे—रामकुमार और हिमांशु मामा-भांजा थे, जबकि सुनील उनका करीबी रिश्तेदार था। हादसे की खबर मिलते ही घरों में मातम छा गया और गांव में गम का माहौल पसर गया।






