देश में धार्मिक भावनाओं को लेकर एक नया विवाद तेजी से फैल रहा है। ‘I Love Muhammad’ और ‘I Love Mahadev’ जैसे पोस्टर अब केवल नारे नहीं रह गए हैं वे अब सड़कों पर विरोध और जवाबी प्रदर्शन की वजह बन गए हैं। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इस मुद्दे ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। आज शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद कई मुस्लिम संगठनों ने देशभर में प्रदर्शन की योजना बनाई है। खासकर दिल्ली की जामा मस्जिद, कानपुर, लखनऊ और मुंबई जैसे शहरों में बड़े जमावड़े की आशंका है। ‘I Love Muhammad’ पोस्टर के साथ प्रदर्शन की तैयारी है, जिसे लेकर प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है।
दिल्ली, लखनऊ, भोपाल, जयपुर और पटना जैसे शहरों में मस्जिदों के सामने पुलिस की कड़ी तैनाती रही। कई जगह प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह प्रतिक्रिया धार्मिक संतुलन और समान अधिकारों को लेकर है। वहीं, कुछ स्थानों पर हल्की झड़प और नारेबाज़ी के बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया इस बीच, प्रशासन ने अपील की है कि लोग अफवाहों और भड़काऊ नारों से दूर रहें। सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
राजनीतिक पार्टियाँ भी इस मुद्दे पर कूद पड़ी हैं। एक तरफ विपक्ष ने सरकार पर “धर्म के नाम पर तनाव बढ़ाने” का आरोप लगाया, तो वहीं सत्तापक्ष ने कहा कि “आस्था व्यक्त करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा किसी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।” फिलहाल, हालात काबू में हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं क्योंकि दोनों ओर से बढ़ती बयानबाज़ी आने वाले दिनों में तनाव बढ़ा सकती है।






