Home / News / स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 छात्राओं ने रंगोली और चित्रकला से दिया स्वच्छता का संदेश

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 छात्राओं ने रंगोली और चित्रकला से दिया स्वच्छता का संदेश

रिपोर्ट – समीरज जैन

करेली। नगर पालिका परिषद करेली द्वारा संचालित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 (दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत नगर में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बृहद रूप से वार्डो में साफ-सफाई की जा रही है नवरात्रि पर्व पर विभिन्न मंदिरों में साफ सफाई की जा रही। नगर के जनप्रतिनिधियो द्वारा पखवाड़े की शुरुआत से ही श्रमदान किया जा रहा है जिसमें संदीप ममार,आनंद सोनी,सुनील सोनी,खालिक कुरैशी अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा मुख्य रूप से प्रतिदिन श्रमदान कर शहर के नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं इसी श्रृंखला में गत दिवस को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेली में रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने बड़ी उत्सुकता और उमंग के साथ भाग लिया। उन्होंने अपने रंग-बिरंगे रंगों और कल्पनाशील चित्रों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व, गंदगी से होने वाले दुष्प्रभाव, और स्वच्छ वातावरण से मिलने वाले लाभ को दर्शाया। आकर्षक रंगोलियां एवं चित्रकला केवल कला का प्रदर्शन ही नहीं बल्कि समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम बनीं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने संदेश दिया कि – “स्वच्छता केवल जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि आदत और संस्कार बनना चाहिए।” प्रतियोगिता में छात्राओं की मेहनत और लगन को देखकर उपस्थित शिक्षकगण, नगर पालिका अधिकारी एवं अतिथियों ने उनकी सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार और नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चे ही भविष्य हैं, और यदि वे आज से स्वच्छता की संस्कृति अपनाते हैं तो कल का भारत और भी स्वच्छ एवं स्वस्थ होगा।

नगर पालिका परिषद करेली ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, मोहल्ले और आसपास की स्वच्छता बनाए रखें। कचरे को निर्धारित स्थान पर डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा खुले में गंदगी न फैलाएं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि स्वच्छता ही सेवा है और यह तभी संभव है जब हर नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। उक्त कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीकांत पाटर सहित समस्त अधिकारी/कर्मचारी,छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए।

Tagged:
[post-views]
Share
Now