Home / Updates / नवदीप शुक्ला, जिला पदाधिकारी बांका ने नौ मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना…

नवदीप शुक्ला, जिला पदाधिकारी बांका ने नौ मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना…

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक के तहत आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने 9 मोबाइल डेमॉन्स्ट्रेशन वैन (MDV) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वैन जिले के सभी मतदान भवनों, निर्वाचक साक्षरता क्लबों और अन्य स्थानों पर जाकर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से प्रत्यक्ष परिचित कराएंगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान 18 अगस्त 2025 से जिले के सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। MDV का मुख्य उद्देश्य आम जनता को ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के प्रयोग और कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, ताकि मतदाता किसी भी भ्रांति के बिना अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

विशेष रूप से इस पहल का उद्देश्य प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान प्रक्रिया में सहजता प्रदान करना है। अनेक बार देखा गया है कि तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण मतदाता मतदान केंद्र पर संकोच महसूस करते हैं। इन वैनों के माध्यम से उन्हें पहले ही प्रायोगिक अनुभव मिलेगा, जिससे मतदान दिवस पर वे बिना किसी झिझक के मतदान कर पाएंगे।

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वैन में प्रशिक्षित कर्मी मौजूद रहेंगे, जो लोगों को ईवीएम के बटन दबाने से लेकर वीवीपैट स्लिप देखने तक की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमोंस्ट्रेशन देंगे। इसके साथ ही ऑडियो-विजुअल सामग्री, पोस्टर और बैनर के माध्यम से भी मतदान से जुड़ी जानकारी प्रदान की जाएगी।

अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अनुमंडल कार्यालय में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहाँ मतदाता मॉक वोट डालकर मतदान का पूर्वाभ्यास कर सकते हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट की पारदर्शी और सुरक्षित प्रणाली के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना, मतदान प्रतिशत बढ़ाना और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना है।

मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका

Tagged:
[post-views]
Share
Now