रूस के कामचटका प्रायद्वीप के बुधवार को विनाशकारी भूकंप आया है। 8.8 की तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद समुद्र में सुनामी की लहरें उठ रही हैं। सुनामी तबाही मचा रही है, ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर शरण लेनी पड़ी है। रूस के अलावा जापान और अमेरिका के कुछ हिस्सों में भी सुनामी का खतरा है। सुनामी की पहली लहरें किस भयावह तरीके से उठी हैं, उसका वीडियो भी सामने आ गया है।
रूस में सुनामी ने भारी तबाही मचाई है।
रूस में सुनामी के बाद सामने आए पहले वीडियो क्लिप में तट के किनारे डूबी हुई इमारतें और किसी नहर की तरह जमीन पर पानी बहता हुआ दिख रहा है। पानी की लहरें ना सिर्फ छोटे घरों और कारों को तिनकों की तरह बहा रही हैं बल्कि बड़ी इमारतों को भी गिरा रही हैं। सुनामी के इस शुरुआती वीडियो को देखने से साफ है कि रूस के इस हिस्से में कुदरत ने भारी तबाही मचाई है।
चार मीटर ऊंची लहरें
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सुनामी की लहरें 4 मीटर तक ऊंची थीं। चार मीटर ऊंची इन तेज लहरों ने कई इलाकों में भारी नुकसान किया है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोवसुनामी ने लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने के लिए कहा है। सोलोदोव ने एक वीडियो संदेश में कहा कि आज का भूकंप बीते कई दशकों में सबसे शक्तिशाली था। ऐसे में लोग ज्यादा से ज्यादा एहतियात बरतें।






