उत्तर प्रदेश में मैनपुरी से सपा सांसद और पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद के खिलाफ लखनऊ के विभूतिखंड थाने में केस दर्ज किया गया है।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी की सांसद और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद रशीदी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। संसद भवन में एनडीए के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के अपमान का मुद्दा उठाया। वहीं लखनऊ में भी मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
भाजपा सहित एनडीए के सांसद सोमवार को एकत्र हुए और हाथों में तख्ती लिए रहे, जिस पर लिखा था- महिला सांसद का अपमान नहीं सहेंगे, महिला विरोधी मानसिकता नहीं सहेंगे। इसके साथ ही अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी निशाना साधा गया। एक तख्ती पर लिखा- बेशर्मी की कैसी चाल, पत्नी के अपमान पर भी नहीं सवाल। यह अखिलेश पर इनडायरेक्ट तंज कसते हुए निशाना साधा गया।
लखनऊ के विभूति खंड थाने में मौलाना रशीदी पर BNS की धारा 79, 196, 197, 299, 352, 353 और IT Act की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस संख्या 290/25 के तहत यह मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले में एफआईआर में दर्ज धाराएं महिलाओं के सम्मान और सार्वजनिक शांति से जुड़ी हुई हैं।






