बिहार में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को मज़बूत करने की दिशा में सक्रिय हो गई है। इसी प्रयास के तहत पार्टी में नए चेहरों को जोड़ा जा रहा है, ताकि ज़मीनी स्तर पर पकड़ और मज़बूत की जा सके। इसी क्रम में रविवार को पटना के सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां पूर्णिया की मेयर के पति और समाजसेवा से जुड़े जितेंद्र कुमार ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली।
इस मौके पर सिर्फ जितेंद्र कुमार ही नहीं, बल्कि भाजपा के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के सह-संयोजक कुणाल किशोर सहनी और जदयू के प्रदेश महासचिव कुणाल अग्रवाल ने भी कांग्रेस का दामन थामा। सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अल्लावरु ने किया।
नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने पर राजेश राम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे पूर्णिया में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी। वहीं अल्लावरु ने कहा कि कुणाल किशोर जैसे नेता के आने से अति पिछड़ा वर्ग में पार्टी की पकड़ बढ़ेगी, जो आने वाले चुनावों में अहम भूमिका निभा सकता है।
इस समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, अंशुल अभिजीत, मोतीलाल शर्मा, राजेश राठौर, मंजीत आनंद साहू और रोशन कुमार सिंह शामिल थे। सभी ने नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ मिलकर पार्टी को मज़बूत करने का संकल्प लिया।






