हजारीबाग (कटकमदाग), 18 जुलाई:
एनटीपीसी के बानादाग कोल स्लाइडिंग क्षेत्र में आज उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब दर्जनों हाईवा मालिकों ने जबरन स्लाइडिंग परिसर में घुसकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लगातार हो रही बारिश के बीच हाईवा मालिकों के इस कदम ने अफरा-तफरी का माहौल बना दिया, लेकिन मौके पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों की सतर्कता और सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बीते कई महीनों से कोयले की लोडिंग के दौरान उनके वाहनों के वजन में मनमानी कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर कई बार एनटीपीसी प्रबंधन को मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराज़गी को लेकर हाईवा मालिक आज सामूहिक रूप से स्लाइडिंग क्षेत्र में घुस आए और कामकाज को बाधित करने की कोशिश की।
मौके पर सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवानों ने बिना बल प्रयोग के स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने में सफलता पाई। जवानों ने न केवल एनटीपीसी की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि बारिश और अव्यवस्था के बीच किसी प्रकार की जन या धन हानि को भी टाल दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थिति तो फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन हाईवा मालिकों का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो विरोध और उग्र रूप ले सकता है। दूसरी ओर, अब तक जिला प्रशासन या एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






