Home / Events / हसदेव नदी में नहाने गया 16 वर्षीय सूरज दास महंत हुआ लापता, 50 घंटे बाद बरामद हुआ शव

हसदेव नदी में नहाने गया 16 वर्षीय सूरज दास महंत हुआ लापता, 50 घंटे बाद बरामद हुआ शव

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुरमाल गांव से एक दर्दनाक खबर सामने आई है।
गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे 16 वर्षीय सूरज दास महंत हसदेव नदी में नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नदी में उतरा, देखते ही देखते वह पानी में कहीं गायब हो गया।

जानकारी मिलते ही परिजन नदी किनारे पहुंचे। देखते ही देखते गांव और आसपास के इलाके में यह खबर फैल गई।

इसके बाद उरगा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और हसदेव नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने काफी मुश्किलें थीं। इसके बावजूद टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी रही। करीब दो दिनों तक, लगभग 50 घंटे तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन सूरज का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

आखिरकार शनिवार की सुबह करीब 10 से 10:30 बजे कटबितला गांव के पास सूरज दास महंत का शव बरामद कर लिया गया।

करीब दो दिनों तक अपने बेटे के वापस आने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर जैसे ही शव मिलने की खबर पहुंची, उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जिस बेटे को परिवार ने गुरुवार सुबह घर से हंसते हुए नदी की ओर जाते देखा था, उसके लौटने का इंतजार शनिवार को हमेशा के लिए खत्म हो गया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज बहाव वाली नदियों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

[post-views]
Share
Now