झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
प्राकृतिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल होली का संदेश
झालावाड़, 26 फरवरी। झालावाड़-बारां संसदीय क्षेत्र के सांसद दुष्यंत सिंह द्वारा आज मिनी सचिवालय सभागार, झालावाड़ में राज सखी झालावाड़ी हर्बल गुलाल के पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि 100 प्रतिशत हर्बल एवं त्वचा के अनुकूल यह गुलाल प्राकृतिक अवयवों से निर्मित है तथा हानिकारक रसायनों से पूर्णतः मुक्त है। यह सुरक्षित, सौम्य एवं जीवंत होली अनुभव सुनिश्चित करता है।
प्राकृतिक अवयवों से हस्तनिर्मित
राज सखी झालावाड़ी हर्बल गुलाल का राजीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित किया गया है। निर्माण प्रक्रिया में ताज़े फूलों की पंखुड़ियों को पानी में उबालकर उनका अर्क तैयार किया जाता है। तत्पश्चात उसे छानकर अरारोट के साथ मिलाया जाता है और कुछ दिनों तक धूप में सुखाया जाता है। सूखने के बाद पाउडर को हाथों से पुनः मिश्रित कर बारीकी से छाना जाता है, जिससे उसकी कोमलता और गुणवत्ता बनी रहे। अंत में इसे एयरटाइट पैकेट में सुरक्षित रूप से पैक किया जाता है।
उत्पाद की विशेषताएं
- 100 प्रतिशत प्राकृतिक एवं गैर-विषाक्त
- त्वचा के अनुकूल एवं सुगंधित
- किसी भी प्रकार के कठोर रसायन, अमोनिया या भारी धातु से मुक्त
- बायोडिग्रेडेबल एवं पर्यावरण के अनुकूल
- सभी आयु वर्ग के लिए सुरक्षित
- हरा, पीला, गुलाबी एवं ऑरेंज रंग में उपलब्ध
प्राकृतिक फूलों के अर्क से तैयार यह हर्बल गुलाल न केवल उत्सवों में आकर्षक एवं गहरे रंगों की छटा बिखेरता है, बल्कि प्रकृति की कोमल सुगंध भी प्रदान करता है। यह उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण को बढ़ावा देते हुए सुरक्षित एवं आनंददायक होली खेलने का संदेश देता है। राज सखी झालावाड़ी हर्बल गुलाल 27 फरवरी से मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर जिला प्रशासन द्वारा लगाए जाने वाले काउन्टर पर उपलब्ध रहेगी।
इस दौरान आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






