दिल्ली निवासी कारोबारी दिनेश कुमार बिंदल ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि भूमि के सौदे को लेकर अधिवक्ता आज़ाद अली द्वारा अपने मामा शाहिद हुसैन (राज्य मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार) को यह जमीन बेचने तथा संबंधित पक्षों से निपटारा कराने की बात कही गई। जी.एम.एस रोड स्थित कार्यालय में हुई बैठक में मंत्री शाहिद हुसैन से बातचीत कराई गई, जहां अधिवक्ता आज़ाद अली भी मौजूद थे।
आरोप है कि अधिवक्ता आज़ाद अली ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर भूमि विवाद का निपटारा कराने, संबंधित पक्षों से समझौता कराकर सौदा क्लियर कराने और जमीन अपने मामा शाहिद हुसैन को बिकवाने का आश्वासन दिया। इसके बदले ₹25,00,000/- की मांग की गई। 29.10.2023 को सेलाकुई स्थित होटल में ₹20 लाख नकद दिए गए तथा शेष ₹5 लाख बाद में अदा किए गए। इसके अतिरिक्त ₹2,50,000/- अधिवक्ता फीस के नाम पर लिए गए। कुल ₹27,50,000/- लेने के बावजूद न तो कोई निपटारा कराया गया और न ही धनराशि वापस की गई।
पीड़ित ने पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड को शिकायत देकर आपराधिक कार्यवाही की मांग की है। साथ ही बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित अधिवक्ता नियमावली के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस प्रकार की घटना घटित न हो।











