बांका, 27 फरवरी 2026 : आज सिविल कोर्ट, बांका के मीटिंग हॉल में जिला विधिक निगरानी समिति (D.L.M.C) की मासिक बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य भूषण आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी बांका, नवदीप शुक्ला, पुलिस कप्तान् बांका, उपेन्द्र नाथ वर्मा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश–प्रथम अभिषेक कुमार भान, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश–सह–स्पेशल जज (एक्साइज कोर्ट) विनीत कुमार सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश–सह–स्पेशल जज (पोक्सो कोर्ट) मुकेश कुमार, प्रभारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मो. शाहनवाज़ आलम, एक्साइज अधीक्षक, रविंदर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बिजली विभाग, भवन निर्माण विभाग एवं बीएसएनएल के पदाधिकारी, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर तथा गवर्नमेंट प्लीडर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एक्साइज कोर्ट एवं पोक्सो कोर्ट तथा एडीआर भवन हेतु भूमि अधिग्रहण के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही एक्साइज कोर्ट, एससी/एसटी कोर्ट एवं जिला पदाधिकारी तथा पुलिस कप्तान, बांका द्वारा चिन्हित मामलों के शीघ्र निष्पादन (स्पीडी डिस्पोजल) पर विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस कप्तान, बांका से जघन्य मामलों में अनुसंधानकर्ता पदाधिकारी की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने, बेल पिटीशन की सुनवाई के समय केस डायरी उपलब्ध कराने तथा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास संबंधी विवरण प्रस्तुत करने पर चर्चा की गई।
बैठक में जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आधारभूत संरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) से संबंधित विषयों पर भी विचार किया गया। एक्साइज अधीक्षक को न्यायालय में गवाहों की समय पर प्रस्तुति सुनिश्चित करने तथा जब्त की गई शराब से संबंधित समुचित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बिजली विभाग के पदाधिकारी को व्यवहार न्यायालय परिसर में निर्बाध एवं समुचित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका







