Home / Breaking News / समस्तीपुर के 4.57 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 52.55 करोड़ रुपये, ₹1,100 की दर से पेंशन भुगतान

समस्तीपुर के 4.57 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 52.55 करोड़ रुपये, ₹1,100 की दर से पेंशन भुगतान

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शनिवार को बिहार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र लाभुकों को सितंबर 2026 की पेंशन एवं बकाया राशि का भुगतान किया गया। इसके तहत समस्तीपुर जिले के कुल 4,57,896 पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 52 करोड़ 55 लाख 68 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की गई। पात्र लाभुकों को 1,100 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन दी गई।

जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, समस्तीपुर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 85,388, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 27,286 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 3,282 लाभुकों को पेंशन का लाभ मिला।

वहीं, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 2,29,453, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 42,024 तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 70,463 लाभुकों के खातों में भी राशि भेजी गई।

इस कार्यक्रम का जिला स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी, समस्तीपुर ने सभी पेंशनधारियों से अपील की कि वे अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेशन) और आधार सीडिंग समय पर अवश्य करा लें। इससे पेंशन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने और भविष्य में भुगतान संबंधी परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सहित अन्य पदाधिकारी एवं पेंशनधारी उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now