Home / News / लोकतंत्र के महापर्व में दिखा उत्साह, जिले में द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न*

लोकतंत्र के महापर्व में दिखा उत्साह, जिले में द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न*

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

अकलेरा, पिड़ावा, मनोहरथाना एवं खानपुर में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया मताधिकार का प्रयोग

झालावाड़, 11 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत झालावाड़ जिले में शुक्रवार को द्वितीय चरण में नगर पालिका अकलेरा, पिड़ावा, मनोहरथाना एवं खानपुर के सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। मतदान को लेकर प्रातः से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला तथा अनेक मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। मतदाताओं ने निर्भीक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने द्वितीय चरण के तहत विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं को मतदान में मिला सहयोग

जिला प्रशासन द्वारा विशेष योग्यजन एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई। स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने ऐसे मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने एवं मतदान के उपरान्त बाहर आने में सहयोग किया। इन व्यवस्थाओं के चलते सभी वर्गों के मतदाताओं को सुगम एवं सुविधाजनक मतदान का अवसर मिला।

हैल्प डेस्क ने मतदाताओं को दी आवश्यक जानकारी

जिन मतदान केन्द्रों पर एक ही भवन में एक से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए थे, वहां हैल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को उनके संबंधित मतदान केन्द्र एवं कक्ष की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इससे मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केन्द्र तक पहुंचने में सुविधा मिली और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई।

101 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता ने लोकतंत्र के महापर्व में निभाई भागीदारी

मनोहरथाना नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में 101 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता गिरधारी लाल ने मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस उम्र में मतदान कर उन्होंने लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। उनका मतदान केन्द्र पर पहुंचना मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी रहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिले के मतदाताओं, मतदान दलों, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, स्काउट एवं गाइड स्वयंसेवकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के उत्साहपूर्ण सहयोग एवं सहभागिता से नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का द्वितीय चरण भी शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now