मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के ‘फटी जींस’ वाले बयान के विरोध में युवा कांग्रेस ने सचिवालय कूच किया। उधर मुख्यमंत्री के माफी मांगने के बाद भी कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीति दल इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार को सचिवालय कूच के लिए युवा कांग्रेस के कार्यकर्त्ता राजपुर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए। यहां कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में जिस प्रकार एक महिला की वेशभूषा का विवरण दिया, वह सिर्फ जुबान फिसलने का मामला नहीं है। वह सुविचारित वक्तव्य था, जो संस्मरण के रूप में उन्होंने सुनाया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कथन न केवल उनकी, बल्कि पूरे संघ परिवार की महिलाओं के प्रति सोच को प्रदर्शित करता है। इसके बाद कार्यकर्त्ताओं ने रैली के रूप में सचिवालय के लिए कूच किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें सचिवालय से करीब 50 मीटर पहले ही बेरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे जाने के लिए काफी देर तक पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। हालांकि, उन्हें सफलता नहीं मिली। रैली का नेतृत्व प्रीतम सिंह कर रहे थे। उनके साथ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित भुल्लर, विधायक आदेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी, विकास नेगी, गरिमा दसौनी, शिल्पी अरोड़ा आदि मौजूद रहे।