ललितपुर में भाजपा विधायक फॉर्च्यूनर की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर घायल
ललितपुर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भाजपा विधायक लिखी फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मंगलवार सुबह इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को घेर लिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
हादसा सोमवार रात करीब 12 बजे जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा के पास हुआ। आरोप है कि जिस फॉर्च्यूनर कार से हादसा हुआ, वह उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ की पत्नी कस्तूरी देवी के नाम पर पंजीकृत है। बताया जा रहा है कि कार में मंत्री का बेटा और उसके चार अन्य साथी सवार थे, जो नशे की हालत में थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज गति से पीछे से आई कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर उसके कई पुर्जे बिखर गए।
एयरबैग खुलने के कारण कार सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर के बाद कार लॉक हो गई, जिसके चलते सवार लोग पीछे का शीशा तोड़कर बाहर निकले। आरोप है कि जब राहगीरों ने हादसे का विरोध किया तो मंत्री के बेटे ने बंदूक दिखाकर लोगों को धमकाया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना का पूरा विवरण
मृतक शिवेंद्र (18 वर्ष) पुत्र राजू यादव, शंकर सिंह (45 वर्ष) पुत्र इमरत सिंह यादव और अनुज (20 वर्ष) पुत्र रतिभान यादव सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर-जाखलौन मार्ग पर हावड़ा की पुलिया के पास फॉर्च्यूनर कार (UP 94 AK 9898) ने उनकी बाइक (UP 94 AA 0048) को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां से सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शिवेंद्र ने दम तोड़ दिया। शंकर सिंह और अनुज की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मंगलवार सुबह सड़क जाम और हंगामा
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सड़क जाम कर दिया। जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को थाने ले जाने की कोशिश की, तो लोगों ने इसका विरोध किया और आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
मौके पर सदर सीओ अजय कुमार, सदर एसडीएम मनीष कुमार, सदर कोतवाली प्रभारी अनुराग अवस्थी और जाखलौन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया और कार को थाने ले जाया गया।
पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार राज्यमंत्री की पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






