पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से वैलेंटाइन डे के मौके पर एक ऐसी शादी की खबर सामने आई है, जो दहेज के खिलाफ मजबूत संदेश देती है। यहां युवक साहिल राणा ने शादी के दौरान दहेज में दिए जा रहे 21 लाख रुपये लौटाकर समाज के सामने मिसाल पेश की।
परिवार के मुताबिक, रस्मों के दौरान जब दहेज की रकम दूल्हे को सौंपी जा रही थी, तभी साहिल राणा ने साफ तौर पर इसे लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि शादी रिश्तों से बनती है, पैसों से नहीं। इसके बाद उन्होंने शगुन के तौर पर सिर्फ एक रुपया स्वीकार किया।
इस फैसले के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों ने दूल्हे के कदम की सराहना की। दोनों परिवारों ने भी दहेज मुक्त शादी को लेकर खुशी जताई और इसे समाज के लिए सकारात्मक पहल बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है। वैलेंटाइन डे जैसे दिन पर हुई यह शादी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सहारनपुर में वैलेंटाइन डे पर मिसाल बनी शादी: दूल्हे ने लौटाए 21 लाख, शगुन में लिया सिर्फ 1 रुपया…






