Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

उत्तराखंड: लॉकडाउन के उल्लंघन को लेकर भाजपा के इस विधायक पर हुआ केस दर्ज

भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल को अपने आवास पर राशन वितरण के लिए लोगों को बुलाना महंगा पड़ गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया गया। पुलिस ने विधायक राजकुमार ठुकराल समेत 100 लोगों पर लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।

इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ पर भी सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हो चुका है। जानकारी के अनुसार बीते रविवार की सुबह विधायक राजकुमार ठुकराल अपने आवास पर राशन किट वितरित कर रहे थे। राशन मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं उनके आवास पर पहुंच गईं।

इस दौरान महिलाओं ने सोशल डिस्टेंसिग की जमकर धज्जियां उड़ाईं। कई महिलाओं ने राशन किट नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत कराकर वापस घरों को भेजा था। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि एसआई जयप्रकाश ने विधायक राजकुमार ठुकराल समेत 100 अन्य लोगों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर केस दर्ज कराया है। राशन वितरण के दौरान लॉक डाउन का उल्लंघन हुआ था।

Share
Now