उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गाज़ियाबाद के मोदीनगर में सराफा व्यापारी की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद अजय राय ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या यह साबित करती है कि प्रदेश में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने के बजाय केवल आंकड़ों की बाज़ीगरी में लगी है।
अजय राय ने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में “जंगलराज जैसे हालात” बन चुके हैं, जहां मेहनत से कमाने वाला व्यक्ति भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस दौरान उन्होंने SIR (Special Intensive Revision) को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अजय राय ने कहा कि SIR के नाम पर प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है और इसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है, जबकि जमीन पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि अगर कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने भी न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।






