गाय को लेकर भिड़े मामा भांजे! मामा की डंडों से पीट-पीटकर सरेआम हत्या….

एक साल पहले दान में दी गाय के विवाद में भांजों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिकरौली मिलक के रहने वाले मामा विजेंद्र (45) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में आक्रोश फैल गया।

नाराज परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए परिजनों को समझा कर शांत कर दिया। मामले में दो सगे भांजों समेत चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विजेंद्र सिंह पेशे से किसान थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। विजेंद्र सिंह के बेटे अभिषेक का आरोप है कि पड़ोस के गांव तरौली में उसकी बुआ रहती है। करीब एक साल फुफेरे भाई गाय को बेसहारा छोड़ रहे थे। तभी पिता विजेंद्र के कहने पर उन्होंने गाय को दान में दे दिया था।
इस दौरान गाय गर्भ से नहीं रह रही थी। लेकिन अब गाय गर्भ से थी। गाय के प्रसव का समय नजदीक था। ऐसे में फुफेरे भाइयों के मन में लालच आ गया। लिहाजा वह शनिवार की सुबह करीब 10 बजे गाय को घर से ले गए। जब इस बात की भनक किसान विजेंद्र को लगी तो उन्होंने पीछे शुरू कर दिया और करीब पांच किलोमीटर दूर कुटी दौलपुर गांव के निकट रोक लिया।
गाय को ले जाने का विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान भांजे सोनू और कुलदीप ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने मामा विजेंद्र सिंह की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के साथ बाद आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। मामले में पुलिस ने मृतक विजेंद्र सिंह के तरौली गांव निवासी दो भांजे कुलदीप व सोनू और यहीं के ही रामवीर और हिरनौटा गांव निवासी भोला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
गाय के विवाद में सिकरौली मिलक के रहने वाले विजेंद्र सिंह का अपने सगे भांजे सोनू और कुलदीप से विवाद हो गया था। जिसमें घायल विजेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – अभिषेक सिंह, सीओ हसनपुर

Share
Now