साधु के भेष में आए युवक ने की भाजपा नेता की हत्या- मचा हड़कंप….

अलीगढ़ जिले की अतरौली थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव बूलापुर में शनिवार को बैठक के दौरान भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य को साधु के वेश में आए युवक ने पीठ पर गोली मारकर घायल कर दिया। हाथ में लिए चिमटे से भी सिर पर प्रहार किया। बैठक में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सामने आया कि गांव के ही व्यक्ति ने बदला लेने के लिए हमला किया है।थाना छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी भाजपा नेता बोधपाल सिंह एक बार वार्ड तीन से जिला पंचायत सदस्य जीत चुके थे। एक बार फिर से वह इसी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

शनिवार दोपहर को थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के गांव बूलापुर में बघेल समाज की बैठक को संबोधित करने के लिए गए थे। तभी उन्हीं के गांव निवासी रामेश्वर उर्फ नट्टा साधु के वेष में वहां पहुंचा और तमंचे से उनकी पीठ में गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ में लिए चिमटे से भी हमला किया।

इससे बोधपाल सिंह का सिर फट गया। दिनदहाड़े भाजपा नेता पर हुए हमले से बैठक में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने साधु के वेश में आए हमलावर को दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।

हमलावर बोला भाजपा नेता करता था उत्पीड़न 
सीओ सुदेश गुप्ता ने बताया कि घटना आपसी रंजिश को लेकर हुई है। पकड़े गये आरोपी ने गुनाह कुबूल करते हुए आरोप लगाया कि बोधपाल ने उसके साथ अत्याचार किये हैं। दो दशक पहले भूसा की बुर्जी फूंक दी और लगातार कई बार गांव में मारा पीटा गया है। उसने उन्हें मारने की कसम खाते हुए साधु का वेष धारण कर लिया था। शनिवार को मौका मिलने पर उसने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घायल भाजपा नेता को अलीगढ़ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहां उपचार किया जा रहा है। 

कालेज संचालक भी है भाजपा नेता
भाजपा नेता बोधपाल सिंह भाजपा के एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के करीबी बताये जाते हैं। इनका गांव भुड़िया रामपुर में सिद्ध बाबा इंटर कालेज के नाम से है। वह ठेकेदारी भी करते हैं। 

भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने बताया पूर्व जिला पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला हुआ है। उनको गोली लगी है। वे न केवल भाजप नेता है बल्कि वार्डक्रमांक तीन से टिकट के लिए दावेदारी भी कर रहे हैं। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सभी बिन्दुओं पर पड़ताल पर होगी।

Share
Now